Wednesday 18 October 2017

दीपावली पर लें भ्रष्टाचार मिटाने का संकल्प

प्रकाश पर्व दीवाली के पावन अवसर पर मैं समस्त देशवासियों और देश विदेश में बसे उत्तराखंड वासियों को हार्दिक बधाई देता हूं। इस पावन पर्व पर मैं कामना करता हूं कि जिस तरह दीपावली के पर्व पर चारों दिशाएं सकारात्मक प्रकाश से रोशन हो जाती हैं । उसी तरह आप के जीवन में समस्त दुखों का अंधियारा छंटे और सुख समृद्धि का उजियारा फैले।


दीपावली पर्व को भगवान राम की लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने के जश्न के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है जिससे सुख समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। इस अवसर पर मैं आपसे कहना चाहता हूं कि आप भी अपने जीवन में खुशियों की तलाश करें। जमकर जश्न मनाएं, लेकिन कुछ ऐसा न करें जिससे किसी को दुख पहुंचे। आप जानते हैं कि हमारे पर्यावरण में कई जीव जंतु, पशु पक्षी और पेड़ पौधे होते हैं जिन्हें पटाखों के शोर और धुएं से बहुत नुकसान होता है। इसलिए उनको तकलीफ न पहुंचे इसका ध्यान भी हमें रखना होगा।


एक ऐसी दीवाली मनाएं जिससे समाज के हर तबके, हर वर्ग के लोगों के आंगन में सिर्फ प्रकाश ही प्रकाश दिखे। इस पावन अवसर पर ये संकल्प लें कि दीपावली के प्रकाश में भ्रष्टाचार के अंधेरे का समूल विनाश हो। समाज में ऊपर से नीचे तक व्याप्त भ्रष्टाचार पर जन-जन के स्तर से कड़ा प्रहार हो और एक स्वच्छ व स्वस्थ समाज का निर्माण हो।


हम सब जानते है कि दीपावली के पर्व पर हम सब घरों और आसपास की साफ सफाई करते हैं। यह प्रक्रिया सदियों से चली आ रही है। लेकिन अगर हम इसे स्वच्छ भारत मिशन से जोड़ दें तो दीपावली के बाद भी इस आदत को बरकरार रख पाएंगे। हम जानते हैं कि आज स्वच्छता भी एक पर्व बन चुका है जिसे साल के 365 दिन मानाए जाने की जरूरत है।


मैं माता लक्ष्मी से कामना करता हूं कि आप सभी का जीवन मंगलमय हो। श्रद्धा और उल्लास का त्योहार दीपावली हम सबके जीवन को जगमग करे, इन्हीं विचारों के साथ समस्त देशवासियों एक बार फिर से दीपावली की शुभकामनाएं।



धन्यवाद।



त्रिवेंद्र सिंह रावत

मुख्यमंत्री, उत्तराखंड।